Hanumangarh News: कई माह से बंद पड़ी सड़क से लोग परेशान
विधायक आवास तक पहुंचना हुआ मुश्किल
हनुमानगढ़। नगर परिषद की ओर से लगाए गए अवरोधकों के कारण जंक्शन क्षेत्र में विधायक गणेश राज बंसल के आवास की ओर जाने वाली सड़क पिछले कई माह से बंद पड़ी है। सड़क बंद होने से विधायक से मिलने आने वाले ग्रामीणों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के बीचों-बीच मलबा और अवरोधक डालकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके चलते लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। Hanumangarh News
खासकर दूर-दराज के गांवों से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात के समय सड़क पर लगाए गए अवरोधक स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि मार्ग बंद होने के बावजूद न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि आखिर नगर परिषद ने इस सड़क को बंद क्यों कर रखा है और इतने लंबे समय से बंद मार्ग को दोबारा चालू करने के लिए कोई पहल क्यों नहीं की जा रही। उनका कहना है कि यदि किसी निर्माण कार्य या अन्य कारण से सड़क बंद की गई है तो उसे जल्द पूरा कर यातायात के लिए खोला जाना चाहिए। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर सड़क को जल्द से जल्द चालू कराया जाए तथा रात्रि के समय दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उचित सुरक्षा और चेतावनी संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। Hanumangarh News