मासूम के अपहरण और हत्या मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
मासूम के अपहरण और हत्या मामले में बड़ा खुलासा
बहसूमा (सच कहूं/कोमल कुमार)। Behsuma News: थाना क्षेत्र के सैफपुर गांव में सात वर्षीय मासूम अंगद के अपहरण और हत्या की सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस ने मामले में मीरापुर निवासी अर्पित पाराशर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अंगद अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया।
काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी अर्पित पाराशर तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका बच्चे की मां से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके अनुसार मासूम अंगद इस संबंध में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसने बच्चे को चॉकलेट का लालच देकर अपनी कार में बैठाया और अपने साथ ले गया। आरोप है कि बाद में आरोपी ने अंगद की हत्या कर उसके शव को मवाना क्षेत्र की नहर में फेंक दिया।
पुलिस की सूचना पर गोताखोरों और पुलिस टीमों ने नहर में तलाश अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। एसपी देहात अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
