पत्रकार संगठन कैराना की मासिक बैठक आयोजित, निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता पर दिया गया जोर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पत्रकार संगठन कैराना के कार्यालय पर मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने की, जबकि संचालन डॉ. अजमतुल्ला खान ने किया। बैठक में पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सुधीर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सच्चा पत्रकार वहीं है जो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार के लिए किसी समाचार पत्र का बैनर छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसकी पहचान उसके कार्य, ईमानदारी और समाज के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक कला, मिशन और जनसेवा का माध्यम है।
संगठन के संरक्षक महराब चौधरी ने कहा कि पत्रकार का कोई धर्म नहीं होता। पत्रकार हमेशा मानवता, देश और समाज की सेवा के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य समाज के सामने सत्य को प्रस्तुत करना और जनजागरण करना है। संरक्षक अब्दुल सत्तार ने कहा कि ईमानदार पत्रकारिता ही लंबे समय तक जीवित रहती है। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पत्रकारों ने समय-समय पर महत्वपूर्ण योगदान और त्याग दिए हैं। कवि एवं पत्रकार रियासत अली ताबिश ने कहा कि पुराने समय में भी पत्रकारिता के उच्च मानदंड स्थापित रहे हैं। पत्रकारों ने अनेक कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए ऐसे त्याग किए हैं, जो अन्य लोगों के लिए उदाहरण हैं। वरिष्ठ पत्रकार मेहरबान अली कैरानवी ने कहा कि पत्रकारिता का दूसरा नाम ईमानदारी है।
जो लोग इस सेवा को स्वार्थ और लालच का माध्यम बनाते हैं, वह कभी सफल पत्रकार नहीं बन सकते। कवि, साहित्यकार एवं पत्रकार अंसार सिद्दीकी ने पत्रकारिता को एक मिशन बताते हुए कहा कि अतीत में पत्रकारों ने युद्ध के समय भी मोर्चे पर पहुंचकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया और राष्ट्र की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान अहसान सैफी, पुनीत गोयल, एम. इकबाल हसन, दीपक बालान, स्वदेश पंवार, सलीम फारूकी, वाजिद अली , अल्ताफ चौधरी , आशीष सैनी, डॉ अरशद चौधरी, फारूक़ ए आज़म, फिरोज खान, देवराज चौहान आदि पत्रकार उपस्थित रहे।
