रिटायर्ड बिजली कर्मी ने की आत्महत्या, परिजन बोले- घंटों थाने में बैठाकर मानसिक दबाव बनाया

वर्ष 2017 के एक मामले में पुलिस ने व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया था, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

Published On

फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: फरीदाबाद में पुलिस प्रताड़ना के आरोपों के बीच एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2017 के एक पुराने मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस ने उन्हें घंटों थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और गिरफ्तारी की धमकी दी थी। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।

मृतक की पहचान जनकपुर गांव निवासी सतीश कुमार (60) के रूप में हुई है। वह पावर ग्रिड कंपनी में वरिष्ठ पद पर कार्यरत थे और अक्टूबर में करीब दो महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। वर्ष 2017 में खेड़ी थाना क्षेत्र में हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इस मामले में कंपनी के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज हुआ था। कंपनी की ओर से अदालत और पुलिस से जुड़े सभी कानूनी मामलों की जिम्मेदारी सतीश कुमार संभाल रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से सतीश कुमार को लगातार नोटिस भेजकर खेड़ी पुल थाने बुलाया जा रहा था। शनिवार को भी उन्हें सुबह करीब 10 बजे थाने बुलाया गया और शाम छह बजे तक वहीं बैठाए रखा गया। बेटे विवेक का आरोप है कि इस दौरान उनके पिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बार-बार पूछताछ कर दबाव बनाया गया और सोमवार को गिरफ्तार करने की धमकी दी गई। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें न तो ठीक से पानी पीने दिया गया और न ही बाथरूम जाने की अनुमति दी गई।

गिरफ्तारी की धमकी का आरोप

परिजनों के अनुसार शनिवार रात घर लौटने पर सतीश कुमार बेहद तनाव में थे। उन्होंने परिवार को बताया कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है और गिरफ्तारी की चेतावनी दी है। इसी मानसिक दबाव से आहत होकर रविवार सुबह उन्होंने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव को बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उनकी मांग थी कि खेड़ी पुल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।

इस दौरान अस्पताल परिसर में पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। परिजन शव को पुलिस आयुक्त कार्यालय ले जाने की बात पर अड़ गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन मान गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जनकपुर गांव निवासी सतीश कुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर खेड़ी पुल थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-एसीपी मुजेसर पंकज कुमार 

Faridabad News

About The Author

Related Posts