शिक्षा और रोजगार
लोहगढ़ माइनर का लिंक चैनल टूटा, 15 एकड़ नरमा जलमग्न
सकता खेड़ा के पास किसानों ने खुद संभाला मोर्चा, मिट्टी डालकर रोका पानी
गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। Goriwala News: डबवाली क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मौजगढ़ हेड से निकलने वाले लोहगढ़ माइनर का लिंक चैनल सोमवार रात गांव सकता खेड़ा के निकट किसान हजूर सिंह मान के खेत के पास अचानक टूट गया। देखते ही देखते पानी आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे करीब 15 एकड़ में खड़ी नरमा की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंच गए। सिंचाई विभाग की टीम का इंतजार करने के बजाय किसानों ने स्वयं मिट्टी डालकर टूटे हुए लिंक चैनल को बंद करने का प्रयास शुरू किया। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पानी के बहाव पर काबू नहीं पाया जाता तो कई अन्य खेत भी जलमग्न हो जाते और नुकसान कहीं अधिक बढ़ जाता।
किसानों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद सिंचाई विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग की ओर से केवल एक बेलदार को भेजा गया। किसान नेता मिट्ठू कंबोज ने बताया कि लोहगढ़ माइनर का यह लिंक चैनल लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। क्षेत्र के किसान कई बार इसे आरसीसी (कंक्रीट) चैनल में बदलने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। किसानों ने सरकार और सिंचाई विभाग से क्षेत्र के पुराने माइनरों और पक्के खालों का सर्वे कराकर उनका शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
