शिक्षा और रोजगार
यमुना में छोड़ा 21,567 क्यूसेक पानी छोड़ा, जलस्तर सामान्य
हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़ा गया पानी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: हथिनीकुंड बैराज से 21,567 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया है। हालांकि कैराना में यमुना नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है। पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में हो रही वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़े जाने के सिलसिला बरकरार है। मंगलवार प्रातः आठ बजे बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 12,621 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था, जिसके चलते बुधवार को कैराना में यमुना के बहाव में 13 सेंटीमीटर की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। यमुना नदी का जलस्तर 227.77 मीटर से बढ़कर 227.90 मीटर पर पहुंच गया।
वहीं, बुधवार प्रातः आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से यमुना में अधिकतम 21,567 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया। बैराज से छोड़ा गया पानी 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा। हालांकि इस पानी से यमुना के बहाव में वृद्धि होने की संभावना नही है। उधर, ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से बुधवार प्रातः आठ बजे अधिकतम 21,567 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया है। इस पानी से क्षेत्र में यमुना के बहाव में वृद्धि होने की संभावना काफी कम है। फिलहाल यमुना का जलस्तर सामान्य है। खतरे की कोई बात नही है। यमुना ब्रिज पर लगे सूचकांक के अनुसार चेतावनी बिंदु 231.000 व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित किया गया है।
