तालाब में शव समझी गई महिला जिंदा निकली, पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई जान

पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने तालाब में लगाई छलांग, पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई जान

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: क्षेत्र के गांव सम्भलहेड़ा में गुरुवार दोपहर एक तालाब में महिला के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। पहले ग्रामीणों को लगा कि तालाब में किसी महिला का शव पड़ा है, लेकिन समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक किसान खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी नजर तालाब के पानी में पड़ी एक महिला पर गई। उसने शव होने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों को सूचना दी।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण जावेद अंसारी ने सम्भलहेड़ा चौकी प्रभारी मदनपाल सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला को तालाब से बाहर निकाला। महिला को बाहर निकालने पर उसकी सांसें चलती हुई महसूस हुईं, जिसके बाद पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जानसठ लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान होश आने पर महिला ने अपनी पहचान अंजुम पत्नी जावेद निवासी सिकंदरपुर के रूप में बताई।

उसने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद और गृह क्लेश से परेशान होकर उसने आत्महत्या के इरादे से तालाब में छलांग लगा दी थी। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है कि कई घंटे तक तालाब में रहने के बावजूद महिला का जिंदा रहना किसी चमत्कार से कम नहीं है।  ग्रामीणों का कहना है कि समय पर सूचना मिलने, पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच गई। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है और उसके परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mirapur News

About The Author

Related Posts