अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर कांग्रेसी नेताओं से मारपीट, पार्षदों को मतदान करने से रोका 

युद्ध का मैदान बनी कादियाँ नगर परिषद

Published On

गुरदासपुर (सच कहूँ/सरबजीत सागर)। Gurdaspur News: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर करवाए जा रहे कादियाँ नगर परिषद के अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान वीरवार को अदालत के आदेशों की अनदेखी करते हुए एक पक्ष ने कांग्रेस नेताओं पर हमला कर उनकी सरेआम पिटाई की। आरोप है कि विजयी पार्षदों को मतदान करने से रोकने की नीयत से पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि यह घटना विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की मौजूदगी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने हुई। हमलावरों ने कांग्रेस नेता रछपाल सिंह की बुरी तरह पिटाई की और उनकी पगड़ी तक उतार दी।

बाजवा ने इस घटना को जिला पुलिस की पूरी तरह विफलता बताया और आरोप लगाया कि हमला करने वाले आम आदमी पार्टी के गुंडे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कादियाँ नगर परिषद पर जबरन कब्जा करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला पुलिस और प्रशासन ने मिलकर यह हमला करवाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झड़प के दौरान उनके तीन पार्षदों को कुछ लोग अपने साथ ले गए, जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। बाजवा ने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले प्रत्येक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी की पहचान कर ली गई है और समय आने पर सभी से जवाब लिया जाएगा।

वहीं आम आदमी पार्टी के नवनियुक्त हलका प्रभारी गुरइकबाल सिंह माहल ने कहा कि कांग्रेस के तीन पार्षदों के खिलाफ मामला दर्ज है और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वे फरार थे। उन्होंने कहा कि ये पार्षद अचानक मतदान करने पहुंच गए, जिसका यह कहते हुए विरोध किया गया कि पहले वे कानून के अनुसार जमानत लें, उसके बाद ही उन्हें मतदान करने दिया जाए। उन्होंने पुलिस पर शिकायतकर्ता की बात नहीं सुनने का आरोप लगाया और दावा किया कि उनकी पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता ने किसी के साथ मारपीट नहीं की।

स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (एसपी) रमनदीप सिंह को मीडिया के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा, लेकिन वह घटना को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस के तीन पार्षदों को पुलिस ने सुरक्षित रूप से घटनास्थल से बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि जिसके साथ भी दुर्व्यवहार हुआ है, उसकी शिकायत के आधार पर मामले की जाँच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Gurdaspur News

About The Author

Related Posts