कल कैराना आएंगे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी कैम्प का निरीक्षण करेंगे सीएम

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल शुक्रवार को कैराना के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी कैम्प का निरीक्षण करेंगे। वह कस्बे के विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के द्वारा जनपद शामली में प्रस्तावित अनेकों विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जाएगा।

उत्तर-प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कल शुक्रवार को जनपद शामली के दौरे पर पहुंचेंगे। सीएम कार्यालय लखनऊ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का उड़न खटोला शुक्रवार प्रातः 11:35 बजे ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी कैम्प के ग्राउंड में बनाए गए हेलीपैड पर लैंड करेगा। मुख्यमंत्री यहां पर निर्माणाधीन पीएसी कैम्प का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात, वह दोपहर 12:05 बजे कार के द्वारा कस्बे के विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए रवाना होंगे। जहां पर उनके द्वारा जनसभा को संबोधित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री यहीं से जनपद शामली की तीनों विधानसभाओं में प्रस्तावित विकास कार्यों से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। जनसभा के सम्बोधन व विकास योजनाओं के लोकार्पण तथा शिलान्यास के पश्चात मुख्यमंत्री का काफिला वापिस पीएसी कैम्प के ग्राउंड पर पहुंचेगा। जहां से योगी आदित्यनाथ राजकीय हेलीकॉप्टर के द्वारा पुलिस लाइन बिजनौर के लिए टेक ऑफ करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जनपद का पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। 

डीएम-एसपी व भाजपा नेताओं ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को जनपद शामली में प्रस्तावित भ्रमण को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह  चौकन्ना नजर आ रहा है। प्रशासन सीएम के कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। इसमें हेलीपैड का निर्माण, यातायात डायवर्जन तथा साफ-सफाई आदि की व्यवस्थाएं शामिल है। इसी के दृष्टिगत गुरुवार को डीएम आलोक यादव व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह समेत पूरा प्रशासनिक अमला निर्माणाधीन पीएसी कैम्प में पहुंचा तथा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने हेतु बनाए गए हेलीपैड व पीएसी कैम्प का निरीक्षण करके मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़ी समस्त तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शीघ्र ही, सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएगी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा तथा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने भी पीएसी कैम्प व जनसभा स्थल का दौरा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा नेताओं ने स्थानीय प्रशासन के द्वारा तैयार कराए गए हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, योगी डॉ. गौतमनाथ, भाजपा नेता अनिल चौहान, दामोदर सैनी, भूपेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।

Kairana News (2)

About The Author

Related Posts