Kutch Earthquake: गुजरात के कच्छ में दहशत में आए लोग! सामने आई ये बड़ी वजह

कुछ ही मिनटों के अंतराल पर महसूस किये भूकंप के तीन झटके, रिक्टर स्केल पर 3.6 रही तीव्रता

Published On

Kutch Earthquake: गांधीनगर। गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर कुछ ही मिनटों के अंतराल पर भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 और 3.2 दर्ज की गई। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर), गांधीनगर के अनुसार पहला झटका दोपहर 2:20 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 थी। इसका केंद्र कच्छ के खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व में स्थित था। भूकंप की गहराई 22.6 किलोमीटर दर्ज की गई। Gujarat News

इसके करीब तीन मिनट बाद 2:23 बजे दूसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता 3.2 मापी गई। इसका केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था और इसकी गहराई 12.9 किलोमीटर रही। इसी स्थान पर एक और हल्का भूकंपीय कंपन भी दर्ज किया गया। लगातार आए इन झटकों से आसपास के इलाकों में लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अब तक किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को गुजरात के आणंद और आसपास के इलाकों में 3.4 तीव्रता का भूकंप आया था। शाम करीब 4:35 बजे आए उस भूकंप का केंद्र आणंद से लगभग 36 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। उस दौरान भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली थी। वहीं, 21 अप्रैल को सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले में 3.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। Gujarat News

इससे पहले 29 मार्च को अमरेली जिले में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र अमरेली से करीब 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में 11.6 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इसके अलावा 28 और 29 मार्च के बीच अमरेली जिले के सावरकुंडला और मितियाला क्षेत्र में लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने 14 हल्के से मध्यम तीव्रता के झटके महसूस किए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार गुजरात देश के सबसे अधिक भूकंप-संवेदनशील राज्यों में शामिल है। राज्य कई सक्रिय फॉल्ट लाइनों के पास स्थित है, जिसके कारण यहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। खासकर कच्छ, सौराष्ट्र और मध्य गुजरात के इलाके भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील माने जाते हैं। Gujarat News

About The Author

Related Posts