Railways News: अब चुटकियों में बुक होगा ट्रेन टिकट, एक स्क्रीन पर मिलेगी सीटों की पूरी जानकारी

आईआरसीटीसी ने लांच की नई बीटा वर्जन वेबसाइट

Published On

जयपुर (सच कहूँ/गुरजंट सिंह धालीवाल)। Railways News: ट्रेन का ऑनलाइन टिकट बुक कराना अब पहले से ज्यादा आसान और तेज हो गया है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने बुधवार से अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया है। नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग के चरण कम किए गए हैं,अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप हटाए गए हैं तथा सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग का अनुभव बेहतर होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि नई वेबसाइट का इंटरफेस पहले की तुलना में अधिक तेज,सरल और लगभग विज्ञापन-मुक्त बनाया गया है। एक बार दर्ज किए गए यात्री विवरण सुरक्षित रहेंगे,जिससे अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वेबसाइट का बीटा वर्जन https://www.irctc.co.in/eticket/ पर देखा जा सकता है। इसका लिंक मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) का भी आधुनिकीकरण कर रहा है। इससे भविष्य में ऑनलाइन टिकट बुकिंग और अधिक तेज,सक्षम तथा विश्वसनीय होगी।

उल्लेखनीय है कि नई वेबसाइट तैयार करने से पहले यात्रियों के सुझावों को भी महत्व दिया गया। आईआरसीटीसी और सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (क्रिस) के अधिकारियों ने जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों से बीटा वर्जन पर सुझाव लिए। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मौजूदा वेबसाइट में सुधार के कई सुझाव दिए थे,जिन्हें नई वेबसाइट में शामिल किया गया है।

नई वेबसाइट की खास बातें

  • एक ही स्क्रीन पर सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता।
    - कम चरणों में तेज टिकट बुकिंग।
    - यात्री विवरण सुरक्षित,बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं।
    - अनावश्यक कैप्चा,पॉप-अप और भारी ग्राफिक्स हटाए गए।
    - तेज,सरल और लगभग विज्ञापन-मुक्त इंटरफेस।
    - आधुनिक पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम से जोड़ी जा रही नई व्यवस्था।

Indian-Railways

About The Author

Related Posts