खेत में काम कर रहे किसान व मजदूर पर अज्ञात जानवर का हमला, दहशत
भूरा के जंगल में वन्यजीव का हमला, दो लोग घायल
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव भूरा के जंगल में खेत पर काम कर रहे किसान व मजदूर को अज्ञात जानवर ने हमला करके गम्भीर रूप से घायल कर दिया। अज्ञात जानवर के हमले से किसानों में दहशत व्याप्त है। कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला निवासी किसान अनिल का खेत भूरा के जंगल में स्थित है। गुरुवार को किसान अनिल गांव के ही मजदूर जनेश्वर के साथ में भूरा-कण्डेला मार्ग पर अपने खेत में ईंख बांधने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान प्रातः करीब नौ बजे एक अज्ञात जानवर ने ईंख बांध रहे किसान व मजदूर पर हमला कर दिया।
जानवर के हमले में किसान अनिल का दाहिना हाथ जख्मी हो गया, जबकि मजदूर जनेश्वर के दोनों पैर व हाथ गम्भीर रूप से घायल हुए है। शोर मचाने पर जानवर मौके से भाग गया। शोर सुनकर आसपास के किसान व राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद, दोनों घायल जैसे-तैसे गांव में पहुंचे। परिजनों के द्वारा उन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर भर्ती कराया गया। सीएचसी पर मौजूद चिकित्सक स्टाफ के द्वारा दोनों घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई गई तथा घावों पर टांके लगाए गए। अज्ञात जानवर के हमले से किसानों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से अज्ञात जानवर के हमले से बचाव की मांग की है। वहीं, क्षेत्र में तैनात वनरक्षक सुनील कुमार को मामले से अवगत कराया गया है।
