आकाशीय बिजली और लगातार बारिश से भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज-अस्पताल को भारी नुकसान, दो दिन से बिजली ठप
आकाशीय बिजली का कहर
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Miranpur News: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचाया है। बिजली गिरने से संस्थान के सोलर प्लांट का इन्वर्टर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण पिछले दो दिनों से कॉलेज और अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित है। इससे अस्पताल की कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
कॉलेज के निदेशक ने बताया कि अस्पताल प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्थाओं के जरिए जरूरी सेवाएं संचालित करने का प्रयास कर रहा है। अस्पताल के अधीक्षक के अनुसार सरकारी बिजली आपूर्ति भी पिछले दो दिनों से ठप है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस बीच अपार्टमेंट परिसर में रहने वाले डॉ. शमशेर सिंह के फ्लैट पर भी आकाशीय बिजली गिरने से टीवी, एसी, स्पीकर समेत कई विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए।
डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि विद्युत व्यवस्था बहाल करने के लिए तकनीकी टीम युद्धस्तर पर कार्य कर रही है और जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वर्तमान परिस्थितियों में केवल आपातकालीन स्थिति में ही अस्पताल आएं। हाईवे बंद होने और लंबे जाम के कारण अस्पताल तक पहुंचने में भी भारी दिक्कत हो रही है। अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।