प्रधानाचार्य लखविंदर सिंह के तबादले के विरोध में फूटा आक्रोश, ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित

नाईवाला स्कूल में तबादले को लेकर विरोध तेज

Published On

टिब्बी (सच कहूँ/अंकित वधवा)। Tibbi News: हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र के नाईवाला गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य लखविंदर सिंह के तबादले के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि प्रधानाचार्य लखविंदर सिंह के नेतृत्व में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और शैक्षणिक माहौल में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। ऐसे में उनका तबादला विद्यार्थियों और विद्यालय के हितों के विपरीत तथा जनभावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तबादला आदेश निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

सूचना मिलने पर प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्यवाहक सीबीईओ रघुवीर खिचड़, सीबीईओ शैलेन्द्र कुमार, एसीबीईओ रोहिताश चुघ, तहसीलदार हरीश टाक तथा भाजपा नेता पवन बागोरिया सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से वार्ता कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया।

वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य लखविंदर सिंह का तबादला निरस्त करने, पीटीआई बिशन सिंह और अध्यापिका राजवती को एपीओ करने तथा तबादला आदेश निरस्त होने तक नव नियुक्त प्रधानाचार्य को कार्यभार ग्रहण नहीं करवाने की मांग रखी। अधिकारियों ने सभी मांगों को नियमानुसार उच्च स्तर पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने और जनभावनाओं को गंभीरता से लेने का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोल दिया और फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने और तबादला आदेश वापस लेने की मांग दोहराई।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व लक्ष्मण बैनीवाल ने किया। इस दौरान संतोष शर्मा, जगदीश, रामचंद्र, वार्ड पंच प्रभु राम, कृष्ण कुमार, दारा सिंह, मुकेश, भीमसैन, रामेश्वर लाल, ओंकार सिंह, आला राम, चरण सिंह, चिमन लाल, रामस्वरूप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tibbi News

About The Author

Related Posts