सीएम भजनलाल शर्मा का दिल्ली दौरा: केंद्रीय मंत्रियों से कार्ययोजना पर की चर्चा

केंद्रीय मंत्रियों से मिले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश के विकास पर हुई सकारात्मक चर्चा

Published On

जयपुर (सच कहूं न्यूज)। Jaipur News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को नई दिल्ली के दौरे पर रहे। उन्होंने इस दौरान अनेक केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा तथा आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान राजस्थान में ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

इसके बाद भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके पश्चात उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ ऊर्जा मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। इस दौरान राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं, आगामी विकास परियोजनाओं और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भेंट कर जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना, राम जल सेतु लिंक परियोजना सहित राजस्थान की विभिन्न जल परियोजनाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। श्री शर्मा ने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलात मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों तथा केंद्र-राज्य समन्वय के मुद्दों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इसके पश्चात उन्होंने कृषि मंत्रालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। बैठक में राजस्थान के कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों, योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

Jaipur News

About The Author

Related Posts