छठे दिन धरनारत ग्रामीणों के बीच पहुंचे भाजपा नेता मनीष चौहान
आबादी के बीच एचटी लाइन का विरोध, छह दिन से धरने पर डटे ग्रामीण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव जगनपुर में हाईटेंशन लाइन के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का धरना भारी बरसात के बावजूद छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान भाजपा नेता मनीष चौहान ने धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया।
विद्युत विभाग के द्वारा गांव जगनपुर से मन्नामाजरा ईदगाह के पास बन रही कॉलोनी के लिए नई एचटी लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कण्डेला, हिंगोखेड़ी, जगनपुर व शेखूपुरा के ग्रामीण प्रबलता से विरोध कर रहे है। ग्रामीण छह दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि यह एचटी लाइन आबादी एवं प्राथमिक विद्यालय के निकट से होकर गुजर रही है। इसे जगनपुर टाउन की विद्युत लाइन से जोड़कर आगे भेजा जा रहा है, जिससे लाइन लंबी हो जाएगी और फॉल्ट की संभावनाओं में वृद्धि होगी। ग्रामीणों का यह भी तर्क है कि उक्त लाइन के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन भी खराब मौसम में परेशानी पैदा करेगी।
इस विद्युत लाइन के नीचे से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। पहले ही इस विद्युत लाइन में स्पार्किंग की घटनाएं होती रही हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को ज्ञापन-पत्र देकर विद्युत लाइन को हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की उदासीनता से क्षुब्ध होकर वह धरना-प्रदर्शन को विवश हुए है। वहीं, मंगलवारवार को भाजपा नेता मनीष चौहान ने धरना-प्रदर्शन के छठे दिन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्या को सुना। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता करके ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया। साथ ही, विद्युत लाइन को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराने को कहा।
2.jpg)