55 हजार रुपये चोरी मामले में नौकर व जेब से नकदी चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
पैसे चुराने के आरोप में नौकर गिरफ्तार, जेब से रुपये चुराने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार
55 हजार रुपए चोरी करने के मामले में नौकर गिरफ्तार
भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने जूस की दुकान से नकदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय विद्या नगर निवासी मुकेश ने औद्योगिक क्षेत्र थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि रोहतक गेट स्थित उनकी जूस की दुकान पर 16 जून को उनके परिचित 55 हजार रुपए देकर गया था।
कुछ समय बाद जब वह दुकान पर वापस पहुंचे तो उनका नौकर दुकान से गायब था तथा दुकान में रखे 55 हजार रुपए भी चोरी हो चुके थे। शिकायत के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र थाना के मुख्य सिपाही सुरेंद्र कुमार ने फरार नौकर को रोहतक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी की पहचान रोहतक निवासी पवन के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपए बरामद किए हैं। आरोपी पवन को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।
जेब से रुपये चोरी करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने बस में यात्री की जेब से रुपये चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रोढ़ा निवासी मुंशी राम ने तोशाम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जनवरी 2026 को वह तोशाम से रुपये निकलवाकर बहल जाने वाली बस में सुरेंद्र चौक तोशाम से सवार हुआ था। बस में अत्यधिक भीड़ होने का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से 30 हजार रुपए चोरी कर लिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए तोशाम थानके मुख्य सिपाही प्रमोद कुमार ने जिला कारागार भिवानी के सामने से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बड़सी निवासी नरेश तथा थुराना निवासी नरेंद्र के रूप में हुई। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 5500 रुपए बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।
