गुरुग्राम में चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
राजीव चौक-सुभाष चौक रोड पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: बुधवार दोपहर गुरुग्राम के राजीव चौक से सुभाष चौक रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया। इस्लामपुर गांव के पास चलते रेडी मिक्स कंक्रीट मिक्सर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे क्ररूष्ट प्लांट की मिक्सर गाड़ी इस्लामपुर गांव के पास से गुजर रही थी। तभी अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हो गया। ड्राइवर सौरव गुर्जर ने चलती गाड़ी से धुआं और चिंगारियां उठती देखीं। खतरा भांपते ही सौरव ने तुरंत ट्रक रोका और केबिन से कूद गया।
आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते ट्रक का अगला केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही पास स्थित एयरफोर्स स्टेशन की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बीच सड़क पर ट्रक में आग लगने से राजीव चौक से सुभाष चौक जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क से हटवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट लग रही है, फिर भी जांच की जा रही है।