अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, नशा मुक्ति केंद्र संचालक समेत दो गिरफ्तार

सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

Published On

अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए नशा मुक्ति केन्द्र के संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल और 40 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ राणा (33) निवासी गांव सुर सिंह, जिला तरनतारन और गुलबाग सिंह उर्फ बट्ठ (26) निवासी भाई मंझ सिंह रोड, अमृतसर के रूप में हुई है।

गुलबाग सिंह अमृतसर के सुल्तानविंड क्षेत्र में एक नशा मुक्ति केंद्र संचालित करता है। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर टिसास (तुर्किये) पिस्तौल, एक .30 बोर स्पेशल मॉडिफाइड पिस्तौल तथा चार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप मंगवाकर उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे और आगे के सभी लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को पहले दो पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पांच और अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की गयीं, जिससे कुल बरामदगी सात हथियारों तक पहुंच गयी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ राणा के खिलाफ तरनतारन के भिखीविंड थाने में व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों से संबंधित एक मामला पहले से दर्ज है, जिससे उसके संगठित अपराध से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में अमृतसर के सुल्तानविंड थाना में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

Amritsar News

About The Author

Related Posts