मुख्यमंत्री ने नारायणगढ़ में 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को दी नई उड़ान

325 अमृत सरोवर के साथ-साथ 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की दी सौगात

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने 325 अमृत सरोवर के साथ—साथ 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस जनता को समर्पित की है। मुख्यमंत्री बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी प्रदेश की जनता को समर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, विधायक शैली चौधरी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, एनएचएम के एमडी आरएस ढिल्लो तथा पंचायत विभाग के डायरेक्टर अनीश यादव भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का अवसर केवल नारायणगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उन्होंने 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया है। इससे पहले उन्होंने डॉक्टर्स डे के अवसर पर देश एवं प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व विधायक पवन सैनी, संतोष सारवान, जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, राजेश बतौर, वाइस चेयरमैन राकेश बिन्दल, मार्केट कमेटी चेयरमैन नरेंद्र राणा, नगर पालिका चेयरमैन आइना गुप्ता भी मौजूद थे।

नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत: सीएम 

मुख्यमंत्री कहा कि आज लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से बने 50-बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का उद्घाटन किया गया है, जिससे नागरिक अस्पताल की क्षमता 100 बिस्तरों की हो गई है। साथ ही लगभग 50 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया गया, जो स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि चाणसौली में 13 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल का क्षेत्रीय उद्यान अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया है। वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में नारायणगढ़ के लिए नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की घोषणा की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें आईएमटी अंबाला एवं नारायणगढ़ भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार ने चुनावी संकल्प पत्र के 66 वायद किये पूरे

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 151 वादों पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत लगभग 10 लाख महिलाओं को 1,415 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही गरीब परिवारों को राहत देने के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके तहत 14.42 लाख लाभार्थियों को 282 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 350 अटल लाइब्रेरियों का उद्घाटन भी किया था। आज अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सीएम नायब सिंह सैनी और पीएम का जताया आभार 

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य न केवल बेहतर सुविधाओं में बढ़ोतरी करना है, बल्कि रोगों की समय पर पहचान करते हुए रोगों की रोकथाम करना भी है। आज से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी इस दिशा में कार्य शुरू हो गया है। साथ ही राज्य की आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह का आभार जताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सशक्त किया जा रहा है।

जनता को आज घर पर मिल रही सभी सुविधाएं: विधायक 

नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री ने नारायणगढ़ को जो स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात दी है, इसके लिए वो उनका आभार प्रकट करती है। उन्होंने खासतौर पर नारायणगढ़ को मुख्यमंत्री के प्रयास से मिली आईएमटी परियोजना के लिए भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा की जनता की सेवा के लिए दिन रात लगे रहते है, इससे प्रदेश की जनता को सभी सुविधाएं उनके घर द्वार पर मिल रही है। वहीं, कार्यक्रम को बीजेपी नेता बंतो कटारिया ने भी संबोधित किया। 

प्रदेश में तैनात होगी तमाम एंबुलेंस, 112 से कनेक्ट भी होंगी

वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी के तहत नारायगढ़ के अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की संख्या में इजाफा किया गया है। मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए काउंसलर की रोटेशन वाइज सुविधा अब शैक्षणिक संस्थाओं में मिला करेगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि सीएसआर फंड से करीबन 20 करोड़ रुपये की मशीनरी इत्यादि की सुविधा भी प्रदेश की जनता को समर्पित की गई है। उन्होंने बताया कि जो एंबुलेंस जनता को समर्पित की गई है, वो प्रदेश के अलग—अलग जिलों में तैनात होंगी, तथा डायल 112 से एमरजैंसी के लिए कनेक्ट होगी। 

Chandigarh News (2)

About The Author

Related Posts