शिक्षा और रोजगार
भूना के गांव बैजलपुर की बेटी ट्रैक पर ऐसी दौड़ी, एशियाई खेल-2026 के लिए कर गई क्वालीफाई
शानदार प्रदर्शन के बल पर अब एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक पर नजर
Asian Games 2026:भूना, (सच कहूँ/संगीता रानी)। गांव बैजलपुर की होनहार धाविका पूजा ओला ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन कर एशियाई खेल-2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने पूजा की सफलता पर गर्व जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पूजा का अगला लक्ष्य एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है। पूजा की इस उपलब्धि पर बैजलपुर के सरपंच हेमंत सिंह बैजलपुरिया, कुलदीप सिंह, अजीत सिंह और रामस्वरूप ओला सहित अनेक ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। Fatehabad News
14 साल की उम्र में ही ट्रैक पर दौड़ने लगी थी पूजा
पूजा ओला का खेल सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। वर्ष 2018-19 में वडोदरा में आयोजित 15वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। इसके बाद रांची में जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में 1500 मीटर में रजत और 800 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्कूल खेलों और पुणे में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 800 मीटर का स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2022 में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 800 मीटर का स्वर्ण पदक जीतने के बाद वर्ष 2023 में आॅल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 800 और 1500 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। वर्ष 2025 में दक्षिण कोरिया में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर में रजत और 800 मीटर में कांस्य पदक जीतने के साथ ही ताइवान एथलेटिक्स ओपन में 1500 मीटर का स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। अब एशियाई खेल-2026 के लिए क्वालीफाई कर पूजा ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है। Fatehabad News
पूजा की बड़ी उपलब्धियां
- 63वीं नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप, बेंगलुरु 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक (2:05.50)।
- 38वें नेशनल गेम्स, उत्तराखंड 800 मीटर दौड़ में 5वां स्थान (2:07.50)।
- इंडियन ओपन एथलेटिक्स मीट, नाडियाड (गुजरात) 800 मीटर में स्वर्ण पदक (2:09.62), 1500 मीटर में स्वर्ण पदक (4:21.65)।
- 28वीं नेशनल फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, कोच्चि 800 मीटर में रजत पदक (2:02.89), 1500 मीटर में रजत पदक (4:12.56)।
- 64वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, चेन्नई 1500 मीटर में स्वर्ण पदक (4:10.68), 800 मीटर में स्वर्ण पदक (2:02.27)
- अब 800 मीटर में शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियाई खेल-2026 के लिए किया क्वालीफाई।