फोन या सिम कार्ड चोरी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत करें ये काम वरना हो सकता है बड़ा फ्रॉड
गुम या चोरी हुए फोन से हो सकता है बड़ा खतरा, तुरंत करें ये जरूरी कदम
Tech Tips: आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन केवल बातचीत का साधन नहीं रह गया है। बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट, सोशल मीडिया अकाउंट, ईमेल और कई जरूरी सेवाएं हमारे मोबाइल नंबर से जुड़ी होती हैं। ऐसे में यदि आपका फोन या सिम कार्ड खो जाए या चोरी हो जाए, तो यह केवल डिवाइस खोने का मामला नहीं बल्कि आपकी निजी जानकारी और वित्तीय सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।
अगर आपका सिम कार्ड किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग जाता है, तो वह OTP प्राप्त कर बैंकिंग या अन्य ऑनलाइन सेवाओं का दुरुपयोग कर सकता है। इसलिए ऐसी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
सबसे पहले करें ये काम
फोन चोरी या गुम होने पर सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराएं। आप चाहें तो ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं। शिकायत की कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है।
इसके बाद अपने मोबाइल नंबर का डुप्लीकेट सिम कार्ड नजदीकी टेलीकॉम स्टोर से जारी करवाएं। साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्र की डिजिटल कॉपी भी तैयार रखें।
संचार साथी पोर्टल से करें मोबाइल ब्लॉक
भारत सरकार का संचार साथी पोर्टल खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने की सुविधा देता है। यह दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा संचालित प्लेटफॉर्म है, जो देशभर के टेलीकॉम नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
मोबाइल ब्लॉक करने का तरीका संचार साथी पोर्टल पर जाएं
होमपेज पर 'Citizen Centric Services' सेक्शन में 'Block Your Lost/Stolen Mobile' विकल्प चुनें।
मोबाइल मालिक, डिवाइस, मोबाइल खोने का स्थान, पुलिस स्टेशन और FIR नंबर जैसी जानकारी भरें।
नए सक्रिय मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज करें।
डिक्लेरेशन स्वीकार कर Submit बटन पर क्लिक करें।
इसके अलावा आप अपने टेलीकॉम ऑपरेटर के कस्टमर केयर पर कॉल करके भी सिम कार्ड ब्लॉक करा सकते हैं।
शिकायत के बाद क्या होगा?
फॉर्म जमा करने के बाद आपको एक यूनिक रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी, जिसकी मदद से आप शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) आपके मोबाइल के IMEI नंबर को सभी टेलीकॉम नेटवर्क पर ब्लॉक कर देता है।
इसके बाद यदि कोई व्यक्ति उस फोन में नया सिम कार्ड भी डालता है, तब भी फोन नेटवर्क से कनेक्ट नहीं हो पाएगा। आमतौर पर यह प्रक्रिया 24 घंटे के भीतर पूरी हो जाती है।
क्या होता है IMEI नंबर?
IMEI (International Mobile Equipment Identity) मोबाइल फोन की एक विशिष्ट पहचान संख्या होती है। यह 15 अंकों का यूनिक कोड होता है, जिससे किसी भी मोबाइल डिवाइस की पहचान की जा सकती है। फोन चोरी होने की स्थिति में यही नंबर डिवाइस को ब्लॉक करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
