शिक्षा और रोजगार
पेयजल की बर्बादी पर सख्ती, अवैध कनेक्शन काटे और नोटिस जारी किए
चिलकानी ढाब गांव में जनस्वास्थ्य विभाग ने चलाया विशेष अभियान
ऐलनाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Ellenabad News: जल संरक्षण और पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत गांव चिलकानी ढाब में घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर पेयजल का दुरुपयोग पाए जाने पर विभाग की टीम ने अवैध कनेक्शन मौके पर ही काट दिए तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई घरों में पीने के पानी की अनावश्यक बबार्दी की जा रही थी।
वहीं कुछ लोगों ने घरेलू पेयजल कनेक्शनों का उपयोग सब्जियों की सिंचाई और अन्य कार्यों के लिए किया हुआ था, जो नियमों के विरुद्ध है। अभियान के दौरान बीआरसी हरि सिंह भिड़ासरा, रूपराम, अनिल कुमार, सतनाम सिंह, संदीप, रमेश कुमार, संतलाल सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
भविष्य में जुर्माने की चेतावनी
जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शनों को तत्काल प्रभाव से काट दिया और संबंधित मकान मालिकों को चेतावनी दी कि भविष्य में पेयजल का दुरुपयोग पाए जाने पर जुर्माना लगाने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए पेयजल का केवल घरेलू उपयोग करने और पानी की प्रत्येक बूंद बचाने का आह्वान किया।