शिक्षा और रोजगार
ग्रामीणों ने लगाया धरना, बेवजह चालान और अभद्र व्यवहार के लगाए आरोप
कालांवाली में ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: मंडी कालांवाली में ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पंजाब बस स्टैंड पर धरना देकर ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस चालान के नाम पर आम लोगों को बेवजह परेशान कर रही है और कई मामलों में अभद्र व्यवहार भी किया जा रहा है।
करीब डेढ़ घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि मामूली कारणों पर भारी-भरकम चालान काटे जा रहे हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल बन गया है। सूचना मिलने पर डीएसपी ललित कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएसपी द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
स्थायी पुलिस नाके को लेकर जताई नाराजगी
प्रदर्शनकारियों ने शहर में लगाए गए स्थायी ट्रैफिक पुलिस नाके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इस नाके के कारण रोजाना लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, किसान, कर्मचारी और व्यापारी भी कई बार अनावश्यक जांच के कारण देर का शिकार होते हैं। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस का रवैया नहीं बदला गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
डीएसपी बोले, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
धरने की सूचना मिलने पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी नागरिक को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ही कार्रवाई की जाएगी और किसी का भी नाजायज चालान नहीं काटा जाएगा। डीएसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए शहर में लगाया गया स्थायी पुलिस नाका हटाया जाएगा। साथ ही पुलिस कर्मियों को जनता के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
