Drinking Water Problem: बूंद-बूंद पानी को तरस रहे इस गांव के बासिन्दे
5 हजार आबादी वाले गांव रामपुरा ढिल्लो में गहराया पेयजल संकट
Drinking Water Problem: नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। जिले का गांव रामपुरा ढिल्लो पिछले 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहा है। करीब पांच हजार की आबादी वाले इस गांव में लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए जूझना पड़ रहा है। हालात से परेशान ग्रामीणों ने अब 19 जून को मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्या उठाने का निर्णय लिया है। Sirsa News
ग्रामीणों का आरोप है कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की लापरवाही के चलते गांव की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के वाटर वर्क्स की स्थिति बदहाल बनी हुई है। डिग्गियां खाली पड़ी हैं, परिसर की दीवारें टूटी हुई हैं, सफाई व्यवस्था नाममात्र की है और पानी सप्लाई करने वाली मोटर भी लंबे समय से खराब है। टूटी चारदीवारी के कारण आवारा पशु भी वाटर वर्क्स परिसर में प्रवेश कर जाते हैं।
मौके पर सुरजाराम नंबरदार, सीताराम, कृष्ण ढाका, देवीलाल हुड्डा, सुरेंद्र, नंदलाल ढिल्लो, अमर सिंह राठौड़, रामूर्ति, रमेश शर्मा, अमर सिंह पुजारी, ओम बिडासरा, डॉ. इंद्रपाल, बलजीत, राजेंद्र टांडी, राजेंद्र ढिल्लो, सतबीर, राजेश, दाताराम, अनिल बिडासरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। Sirsa News
एक कर्मचारी के भरोसे चल रही व्यवस्था
ग्रामीणों का कहना है कि वाटर वर्क्स पर छह कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में केवल एक कर्मचारी ही कार्यरत है। कर्मचारियों की कमी के कारण रखरखाव और मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीण नंदलाल ढिल्लो ने बताया कि जब कभी पानी की सप्लाई आती भी है तो गांव के अंतिम हिस्से में स्थित घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। ऐसे में कई परिवारों को निजी टैंकरों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं सुखबीर ढिल्लो ने बताया कि खराब मोटर के कारण पेयजल आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। Sirsa News
ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। साथ ही व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
- अश्वनी तायल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई
पेयजल संकट को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत लगातार समस्या के समाधान के प्रयास कर रही है और जल्द ही स्थायी समाधान की उम्मीद है। - रविल सिंवर, गांव के सरपंच