पटियाला नगर निगम में महिला अधिकारियों का दबदबा

निगम कमिश्नर, अतिरिक्त कमिश्नर और संयुक्त कमिश्नर के पद महिलाओं के हवाले

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: नगर निगम पटियाला की कमान अब महिला अधिकारियों के हाथ में आ गई है। पटियाला नगर निगम के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि सभी प्रमुख पदों पर महिला अधिकारियों का सरदारी देखने को मिली है। नगर निगम में कमिश्नर से लेकर अतिरिक्त कमिश्नर और संयुक्त कमिश्नर तक सभी जिम्मेदारियां महिला अधिकारियों के पास हैं, जो शाही शहर के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार को नगर निगम के कमिश्नर का पद वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी पूजा सियाल ग्रेवाल ने संभाल लिया है।

इससे पहले नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह थे, जिनका हाल ही में तबादला हो गया था। पूजा ग्रेवाल ने कहा कि पटियाला के नागरिकों को नगर निगम में अपने कार्यों के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा नगर निगम में अतिरिक्त कमिश्नर के रूप में पीसीएस अधिकारी सिमरप्रीत कौर ने हाल ही में पदभार संभाला है। इससे पहले भी वह पटियाला में विभिन्न पदों पर सेवाएँ दे चुकी हैं और शहर की प्रशासनिक व्यवस्था से पूरी तरह परिचित हैं। नगर निगम में दो संयुक्त कमिश्नर पदों पर भी महिला अधिकारी तैनात हैं। संयुक्त कमिश्नर-1 मनरीत राणा और संयुक्त कमिश्नर-2 सोनम पहले से ही निगम में कार्यरत हैं।

इस प्रकार नगर निगम के चार प्रमुख पदों पर पहली बार महिला अधिकारियों की नियुक्ति देखने को मिली है। अतिरिक्त कमिश्नर सिमरप्रीत कौर ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सेवाएँ देना और विकास कार्यों को समय पर पूरा करना उनकी प्राथमिक प्राथमिकता होगी। गौरतलब है कि पटियाला के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों पर अब तक किसी महिला को यह जिम्मेदारी नहीं मिली थी।

Patiala News
Patiala News: निगम कमिश्नर पूजा सियाल, अतिरिक्त कमिश्नर सिमरप्रीत कौर, संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा, संयुक्त कमिश्नर सोनम

About The Author

Related Posts