Hybrid Cleaning Model: देश का सबसे स्वच्छ राज्य बनाने की तैयारी, पटियाला में लागू हुआ हाइब्रिड सफाई मॉडल
30 दिनों में सबसे स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर तूर)। Hybrid Cleaning Model: पंजाब सरकार ने शहरी स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पटियाला में अत्याधुनिक हाइब्रिड सफाई मॉडल लागू किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि इस नई व्यवस्था के माध्यम से अगले 30 दिनों में पटियाला को पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जाएगा। इसके बाद इस मॉडल को राज्य के अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा।
पटियाला में बुधवार सुबह नई सफाई व्यवस्था का प्रदर्शन करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि हाइब्रिड मॉडल में आधुनिक मशीनों और सफाई कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का उपयोग किया जाएगा। इस व्यवस्था में स्वचालित झाड़ी काटने वाली मशीनें, सुपर सक्शन मशीनें, स्क्रबर मशीनें, सड़क धुलाई उपकरण तथा मैनुअल कचरा संग्रहण प्रणाली को एकीकृत किया गया है। मंत्री ने बताया कि हाइब्रिड मॉडल के तहत प्रत्येक वार्ड के लिए पहले से निर्धारित साप्ताहिक सफाई कार्यक्रम तैयार किया गया है। इससे सफाई कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित होगा और शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से स्वच्छता सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और तय समय-सारिणी के अनुसार सफाई होने से गंदगी जमा होने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
चार चरणों में होगी सफाई प्रक्रिया
नई व्यवस्था के तहत सफाई कार्य को चार चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में मशीनों की सहायता से जंगली घास और झाड़ियों की कटाई की जाएगी। दूसरे चरण में सफाई कर्मचारी बड़े कचरे और बागवानी से संबंधित अपशिष्ट सामग्री को एकत्र करेंगे। तीसरे चरण में सुपर सक्शन मशीनों के माध्यम से बचा हुआ कूड़ा-कचरा हटाया जाएगा। अंतिम चरण में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की धुलाई कर क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जाएगा।
