आपसी कहासुनी में सगे भाई की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार

दौलताबाद में भाई ने भाई की ली जान, मामूली कहासुनी बनी हत्या की वजह

Sarvesh Kumar Picture
Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: जिला के गांव दौलताबाद में आपसी कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को सूचना मिली कि दौलताबाद स्थित एक मकान में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर क्राइम सीन टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया।

शव और घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने साक्ष्य कब्जे में लिए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मोर्चरी में परिजनों ने मृतक की पहचान आशिष (26) निवासी दौलताबाद के रूप में की। परिजनों ने शिकायत में बताया कि आशिष अपने पुराने मकान में गया था, जहां वह गंभीर चोटों के साथ मृत मिला। शिकायत और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना राजेंद्र पार्क में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन जून 2026 को आरोपी को सेक्टर-106 स्थित प्लाजा से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मृतक के सगे भाई अमन (23) निवासी दौलताबाद के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में अमन ने बताया कि आशिष शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन आशिष के पास एक अन्य व्यक्ति शराब पीने आया था। जब अमन ने उस व्यक्ति को घर से जाने को कहा तो आशिष से उसकी कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़े पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर अमन ने ईंट और कस्सी से आशिष के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जाएगी।

crime-1

About The Author

Related Posts