Dental Care Tips: दांतों की अनदेखी पड़ सकती है भारी, छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ी बीमारी: डॉ. जसवीर सिंह

दंत रोगों से बचना है तो अपनाएं ये आसान आदतें, विशेषज्ञ की सलाह

Sarvesh Kumar Picture
Published On

पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Dental Care Tips: स्वस्थ और मजबूत दांत केवल सुंदर मुस्कान ही नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य की भी पहचान हैं। यदि दांतों की नियमित रूप से सही देखभाल न की जाए तो कई गंभीर बीमारियां जन्म ले सकती हैं। यह जानकारी शहीद उधम सिंह डेंटल हॉस्पिटल के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जसवीर सिंह ने लोगों को दांतों की सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दी।

डॉ. जसवीर सिंह ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में अधिकांश लोग दांतों की साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बरतते हैं, जिसका परिणाम बाद में दर्द, संक्रमण और महंगे इलाज के रूप में सामने आता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को दिन में कम से कम दो बार सुबह और रात को सोने से पहले ब्रश करना चाहिए। ब्रश करते समय दांतों के साथ-साथ मसूड़ों की भी सफाई करनी चाहिए तथा लगभग दो मिनट तक सही तरीके से ब्रश करना चाहिए। उन्होंने बताया कि दांतों की नियमित सफाई न होने पर दांतों में सड़न, कैविटी, पायरिया, मसूड़ों में सूजन, खून आना, मुंह से दुर्गंध आना और दांतों का कमजोर होकर टूटना जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। कई बार संक्रमण इतना बढ़ जाता है कि इसका असर व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।

डॉ. जसवीर सिंह ने कहा कि मीठे खाद्य पदार्थों और कोल्ड ड्रिंक्स का अत्यधिक सेवन दांतों के लिए नुकसानदायक है। भोजन के बाद कुल्ला करने की आदत, पर्याप्त पानी पीना और तंबाकू, गुटखा व धूम्रपान जैसी बुरी आदतों से दूरी बनाए रखना दांतों को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकता है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही दांतों की सफाई की सही आदतें सिखाएं ताकि भविष्य में उन्हें दंत रोगों का सामना न करना पड़े। साथ ही हर छह महीने में एक बार दंत चिकित्सक से जांच अवश्य करवानी चाहिए।

डॉ. जसवीर सिंह ने कहा कि "रोकथाम ही सबसे बड़ा उपचार है।" यदि लोग दांतों की नियमित देखभाल करें और समय-समय पर जांच करवाते रहें तो अधिकांश दंत रोगों से आसानी से बचा जा सकता है। स्वस्थ दांत न केवल बेहतर स्वास्थ्य का आधार हैं, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी निखारते हैं।                             -संपर्क करें मो. 9729376599

Dental Care Tips

About The Author

Related Posts