Gurugram Bomb Threat: गुरुग्राम नगर निगम व मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा, परिसर कराया गया खाली

Sarvesh Kumar Picture
Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram Bomb Threat: गुरुवार को सेक्टर-34 स्थित नगर निगम और मेयर कार्यालय को आईईडी विस्फोट से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हडकंप मच गया। धमकी भरा ईमेल प्राप्त होते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली करा लिया गया तथा कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से दी गई है, जिसे खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है।

ईमेल में नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी में दावा किया गया कि 1 से 3 बजे के बीच आईईडी विस्फोट किया जा सकता है। धमकी भरे मेल में हरियाणा बनेगा खालिस्तान और गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक (दिल्ली), कालका जी मंदिर, कालका जी (दिल्ली), योगमाया मंदिर, महरौली (दिल्ली), भीमा देवी मंदिर, पिंजौर (हरियाणा), कार्तिकेय मंदिर, पिहोवा (हरियाणा) स्थानेश्वर महादेव मंदिर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) निशाने पर लिखा गया है। इसके साथ ही चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर आईईडी धमाके करने की चेतावनी भी दी गई है। मेल में लोगों को अपने बच्चों को सुरक्षित रखने और यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

ईमेल में-बदला, बदला, बदला...लिखते हुए दावा किया गया है कि छह जून 1984 को अमृतसर स्थित दरबार साहिब में हुई सैन्य कार्रवाई का बदला लिया जाएगा। इसके लिए भिंडरांवाले की मौत का भी उल्लेख किया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले भी गुरुग्राम के कई नामी स्कूलों को इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।

Gurugram Bomb Threat
Gurugram Bomb Threat: गुरुग्राम नगर निगम में बम की अफवाह पर कार्यालय से बाहर निकलते कर्मचारी।

About The Author

Related Posts