Punjab
आर्म्स एक्ट के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल सप्लाई करने का आरोप
संगरिया थाना पुलिस की बड़ी सफलता
हनुमानगढ़। संगरिया थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के दो मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के निर्देशन में ढाबां पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद और उनकी टीम ने इसी साल दर्ज दो मुकदमों में वांछित आरोपी इकबाल सिंह (52) पुत्र रूप सिंह निवासी वार्ड नम्बर 4, गांव मालारामपुरा पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि 13 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि चक 2 एनकेआर रोही नुकेरां में जमीन के कब्जे को लेकर विवाद होने की संभावना है तथा कुछ लोगों के पास हथियार भी हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस वाहनों को देखकर कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर संदीप कुमार और गुरप्रीत सिंह को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये अवैध पिस्टल इकबाल सिंह से खरीदी थीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार, कांस्टेबल ज्वाला सिंह तथा संगरिया थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
पोस्त बरामदगी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने 19.154 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल को टिब्बी थाना पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान कुलविन्द्र सिंह के कब्जे से 19.154 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था।
इस संबंध में टिब्बी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की जांच साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक रघुवीर सिंह बीका को सौंपी गई। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी कुलविन्द्र सिंह से पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि बरामद डोडा पोस्त उसने गांव सूरेवाला निवासी श्यामलाल पुत्र लालचंद नायक से मंगवाया था। इसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी श्यामलाल (30) निवासी वार्ड नम्बर 7, गांव सूरेवाला पीएस टिब्बी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थांे की बिक्री से संबंधित अन्य मामले भी दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक रघुवीर सिंह बीका, कांस्टेबल सुनील कुमार, श्रवण कुमार एवं प्रमोद कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News