खेल एवं राष्ट्र निर्माण गतिविधियों से जुड़ने का दिया संदेश
माय भारत केन्द्र के तत्वावधान में युवा मंडलों का गठन
हनुमानगढ़। माय भारत केन्द्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में गांव मानकसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित युवा मंडल विकास कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान मानकसर में युवा मंडल का गठन किया गया। संगरिया एवं टीबी ब्लॉक से आए युवा मंडल प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। Hanumangarh News
साथ ही पूर्व गठित युवा मंडलों का पुनर्गठन एवं अपग्रेडेशन भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि युवा मंडल में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा सदस्य बन सकते हैं। इन युवाओं को सामाजिक, खेल एवं राष्ट्र निर्माण गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य दलीप वर्मा थे, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि तरसेम सिंह गिल ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान साइकिलिंग एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष मदनलाल सुथार एवं उपखंड कार्यालय में प्रतिनियुक्त सुखदीप सिंह मौजूद रहे। राजस्थान एथलेटिक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय बिश्नोई ने युवाओं को खेल गतिविधियों एवं खेलों में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि दलीप वर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा संगठित होकर सकारात्मक दिशा में कार्य करें तो समाज एवं राष्ट्र में बड़ा बदलाव संभव है। Hanumangarh News
उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों, खेल गतिविधियों एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम अध्यक्ष तरसेम सिंह गिल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवा मंडलों का गठन युवाओं को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। वहीं मदनलाल सुथार ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का आधार बताया। सुखदीप सिंह ने युवाओं से सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षक परमेंद्र सिंह काकड़, परमानंद, खेम सिंह, रोहित गिल, हरबंस सिंह समरा एवं सोहनलाल ने भी युवाओं को नशामुक्ति, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विजय मोयल ने भी युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस मौके पर माय भारत केन्द्र की ओर से विभिन्न युवा मंडलों को खेल सामग्री किट वितरित की गई। समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रवीण, कोमल, खुशी, प्रियंका, अनित एवं परी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी देते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया गया। Hanumangarh News
About The Author