Birds Nurturing: नौतपा की तपिश में परिंदों को मिला जीवनदान
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र ने कलक्ट्रेट पार्क में लगाए परिंडे
Birds Nurturing: हनुमानगढ़। नौतपा की भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र सदस्यों की ओर से शनिवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में परिंडे लगाए गए। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीना ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जीवों के प्रति मानवीय संवेदना और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा सराहनीय प्रयास बताया। Hanumangaru News
एडीएम उम्मेदी लाल मीना ने कहा कि भीषण गर्मी के दिनों में प्राकृतिक जल स्रोत सूख जाने से पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। ऐसे समय में परिंडे लगाकर उनके लिए पानी की व्यवस्था करना प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी का परिचायक है। समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस प्रकार की गतिविधियों से जुड़ना चाहिए, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके।
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कहा कि पक्षी पर्यावरणीय संतुलन और प्रकृति की सुंदरता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। भीषण गर्मी में उनकी प्यास बुझाने का यह प्रयास केवल सेवा नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा और सह-अस्तित्व की भावना का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, कार्यालय या आसपास के क्षेत्र में एक परिंडा भी लगाए तो हजारों पक्षियों को राहत मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान केन्द्र की सदस्यों ने परिंडों में पानी भरकर पक्षी संरक्षण का संदेश दिया तथा आमजन से भी इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
साथ ही संकल्प लिया कि परिंडों की नियमित देखभाल और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर मंजुला गर्ग, कोमल, साक्षी, अविशी, ऋतिका, पूजा, मंजू दत्ता, अनीता शर्मा, विनीता बैद, देविका, अंजना जैन, अनुपमा विजय, विदिशा चौधरी, सुशीला राठी, सुमन अग्रवाल, रजनी, वीणा, नीलम, रेखा बंसल, मधु दफ्तरी एवं श्वेता दत्ता मौजूद रहीं। Hanumangaru News