Punjab
Rajasthan Weather Update: भीषण गर्मी का कहर, पारा पहुंचा 45 डिग्री पार, आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग की ये संभावना
लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित, 28 मई से आंधी और बारिश की संभावना
Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग तेज धूप व गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखाई दिए। Hanumangarh Heatwave News
गर्मी के चलते बाजारों में दोपहर के समय आवाजाही कम रही, वहीं राहगीर सिर ढंककर और पानी की बोतलें साथ लेकर निकलते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में चल रहा हीटवेव और तीव्र हीटवेव का दौर आगामी दो से तीन दिन और जारी रहने की संभावना है।
27 और 28 मई के लिए तीव्र गर्मी तथा ऊष्णरात्रि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 27-28 मई को पारा 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
हालांकि गर्मी से राहत की उम्मीद भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 29 से 31 मई के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आंधी-बारिश के असर से 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। Hanumangarh Heatwave News
About The Author