रास्ते पर ट्रांसफार्मर लगाने वाले एसडीओ पर होगी कार्रवाई, सीएम ने दिए आदेश
लाडवा जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सुनीं 338 शिकायतें
कुरुक्षेत्र/लाडवा (सच कहूँ/रामगोपाल)। Kurukshetra News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गांव बकाली में खेत के रास्ते के बीच बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगवाने वाले एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री वीरवार को लाडवा के शिवाला रामकुंडी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कुल 338 शिकायतों की सुनवाई की और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने गांव बकाली में करीब सात एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसमें खेत का रास्ता भी दर्ज था। आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने एसडीओ से मिलकर रास्ते के बीच बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगवा दिए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी कही। इस पर मुख्यमंत्री ने मामले की जांच एसडीएम लाडवा को सौंपते हुए संबंधित एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई और धमकी देने वालों पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
स्कूल से जुड़ी शिकायतों पर भी निर्देश: मुख्यमंत्री ने धनौरा जाटान निवासी जसबीर सिंह की शिकायत पर कहा कि स्कूल की व्यवहार्यता जांच के बाद उसे 12वीं तक अपग्रेड किया जाएगा। वहीं नरेश पाल की शिकायत पर मार्केटिंग बोर्ड को बरसात से पहले खिड़की विरान से रुड़की गांव तक सड़क तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आसपास के छह गांवों के लोगों को राहत मिल सके। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को गांव कनीपला की सड़क का निर्माण बरसात शुरू होने से पहले पूरा करने के आदेश दिए गए।
लाडवा में विकास कार्यों पर 807 करोड़ रुपये खर्च: मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर 807 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 74 सीएम घोषणाओं में से 38 कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 364 मकानों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 65 गांवों में 11 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई है। वहीं लाडवा शहर में सहारनपुर-कुरुक्षेत्र सड़क को चार मार्गीय बनाने का कार्य 10 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है।
आरटीई दाखिले और बिजली समस्याओं पर भी सुनवाई
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि आॅनलाइन नाम सुधार प्रक्रिया पूरी कर आरटीई के तहत बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिला सुनिश्चित किया जाए। बिजली विभाग को कालीरानो निवासी बलविंद्र सिंह के खेत में ट्रांसफार्मर बदलने तथा मुनियारपुर निवासी भगत सिंह के चोरी हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश भी दिए गए।