'हरित भारत के संकल्प संग सेना का शक्ति प्रदर्शन"

राजोकरी में 132 इन्फैंट्री बटालियन का वृहद वृक्षारोपण अभियान

Published On

नई दिल्ली। New Delhi: पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से वन महोत्सव-2026 के समापन अवसर पर 132 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल राजपूत ने राज्य वन विभाग के सहयोग से दक्षिण दिल्ली के राजोकरी स्थित घिटोरनी परियोजना क्षेत्र में 'नो योर टीए' अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और सतत विकास का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, नागरिक प्रशासन के अधिकारियों तथा 132 ईको टास्क फोर्स के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और अधिकारियों ने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा वनों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि टेरिटोरियल आर्मी की ईको टास्क फोर्स देश के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पर्यावरण के पुनर्स्थापन, हरित आवरण बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

132 ईको टास्क फोर्स के कमांडिंग ऑफिसर ने सभी सहभागी संस्थाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 132 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल राजपूत भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता और वृक्षारोपण अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। वन महोत्सव-2026 का यह अभियान सेना और समाज के संयुक्त प्रयासों से हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

New Delhi

About The Author

Related Posts