करीब 84 लाख की लागत से तैयार दो नए ट्यूबवेलों का कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने किया उद्घाटन
सुनाम ऊधम सिंह वाला के विकास को नई गति, पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत
सुनाम ऊधम सिंह वाला (सच कहूँ/कर्म थिंद)। Sunam Udham Singh Wala News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मंगलवार को सुनाम शहर में करीब 84 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए दो नए ट्यूबवेलों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाना है और इसी सोच के तहत शहर में पीने वाले पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सुनाम शहर के जिन इलाकों में लंबे समय से पानी की किल्लत रहती थी, उनकी पहचान करने के उपरांत ये दोनों ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एक ट्यूबवेल के माध्यम से पटियाला रोड, तर्कशील पार्क, मोरांवाली और महाराजा पैलेस के आसपास के इलाकों को पानी की सप्लाई सुनिश्चित होगी, जबकि दूसरा ट्यूबवेल भगवान वाल्मीकि मेमोरियल पार्क के निकट स्थापित किया गया है, जिससे नजदीकी बाजार, सिनेमा रोड और अन्य आसपास के इलाकों के हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ नए ट्यूबवेल लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की पानी सप्लाई प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पानी की समस्या सामने आ रही है, वहां आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रोजेक्ट भी लाए जाएंगे।
शहर की सड़कों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़कों की मरम्मत, नई सड़कें, इंटरलॉकिंग टाइलें या अन्य विकास कार्य होने हैं, उनकी पूरी पहचान की जा चुकी है। बरसाती मौसम के कारण कुछ कार्यों में अस्थायी देरी हो सकती है, लेकिन मौसम अनुकूल होते ही सभी विकास कार्य युद्ध स्तर पर पूरे किए जाएंगे।
अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या के बारे में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान पुराने अंडरब्रिज के निर्माण के समय तकनीकी खामियां रह गई थीं, जिसके कारण वहां बरसात में पानी एकत्र हो जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सीवरेज बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ इंजीनियरों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नए अंडरब्रिज के निर्माण के समय यह सुनिश्चित किया गया है कि बारिश का पानी अंदर न जाए और यदि किसी स्थिति में पानी एकत्र होता है तो उसे तुरंत बाहर निकालने के लिए उपयुक्त पंपिंग सिस्टम भी मौजूद हो।
सुनाम के मास्टर प्लान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में अरोड़ा ने बताया कि हाउसिंग और उद्योग विभाग के अधिकारियों को सुनाम और धूरी के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरु करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह एक तकनीकी और समय लेने वाली प्रक्रिया है, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है ताकि आने वाले वर्षों में शहर का योजनाबद्ध और टिकाऊ विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्यजन और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
