व्यापार मंडल समीक्षा बैठक आयोजित, व्यापारी हितों पर हुआ गहन मंथन
कैराना पहुंचे संगठन के प्रदेशाध्यक्ष धनश्याम दास गर्ग का व्यापारियों ने किया भव्य स्वागत व अभिनंदन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: विगत सोमवार को संपूर्ण उत्तर-प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) के प्रदेशाध्यक्ष धनश्याम दास गर्ग प्रदेश स्तरीय वार्षिक भ्रमण के दौरान कैराना पहुंचे। जहां पर व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कस्बे के मुख्य मार्ग पर बिजलीघर के सामने स्थित बैंक्वेट हॉल में समीक्षा बैठक का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिलेभर से पहुंचे व्यापारियों की मौजूदगी में व्यापारी हितों, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इससे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के कार्यक्रम में पहुंचते ही सभागार 'व्यापारी एकता जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। प्रदेशाध्यक्ष का काफिला चौसाना, ऊन एवं झिंझाना होते हुए शाम करीब छह बजे कैराना पहुंचा। यहां प्रदेशाध्यक्ष धनश्याम दास गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं जिला मंत्री आदेश जैन का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। बैठक का संचालन संगठन के कोषाध्यक्ष संजय राजवंशी ने किया। संरक्षक चौधरी गुरदीप सिंह ने कहा कि संगठित व्यापारी समाज ही अपनी समस्याओं का प्रभावी समाधान करा सकता है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष धनश्याम दास गर्ग ने कहा कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) पिछले 28 वर्षों से व्यापारी हितों की रक्षा, व्यापारियों के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारी एकता बनाए रखने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने चौधरी गुरदीप सिंह को मनोनयन-पत्र देकर संगठन का संरक्षक नियुक्त किया। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता शगुन मित्तल एडवोकेट को प्रदेश का युवा उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा, संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में नगर एवं युवा इकाई के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. सुभाष पंचाल, प्रदीप गोयल, संदीप शर्मा, फैजान अहमद, मनीष कंसल, डॉ. तस्वर, अनिल चौहान, इरफान सेफी, हर्ष बंसल, श्याम कुच्छल, विशाल शर्मा, राजीव राजवंशी, सौरभ कुमार, मोहम्मद वली, नितिश गोयल, गौरव चौधरी, आसद भूरा, सुमित सिंघल, राहुल गर्ग, मोहम्मद इमरान मलिक, मोहम्मद इरशाद, संजीव सिंघल, अजीम अंसारी, मनन अली, सुलेमान मलिक, सागर मलिक, अम्मार, मोहम्मद एहसान, अजीत कुमार, ऋषभ सहित नगर एवं युवा इकाई के पदाधिकारी तथा सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
3.jpg)