HTET Exam: एचटेट परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर बोर्ड अध्यक्ष ने बांटी मिठाई
परीक्षा के दौरान न तो किसी प्रकार की नकल का मामला सामने आया और न ही कोई बड़ी गड़बड़ी हुई
HTET Exam: भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 4 और 5 जुलाई को आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के सफल आयोजन पर बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बोर्ड कर्मचारियों और परीक्षार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए बोर्ड परिसर में कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में परीक्षा के दौरान न तो किसी प्रकार की नकल का मामला सामने आया और न ही कोई बड़ी गड़बड़ी हुई। Bhiwani News
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश के 383 परीक्षा केंद्रों पर 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि उत्तर कुंजी सोमवार को जारी कर दी जाएगी। इसके बाद प्राप्त होने वाली सभी आपत्तियों का विशेषज्ञ समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि एचटेट का परिणाम निर्धारित समय से पहले, 28 दिन के भीतर जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा से जुड़े कुछ केंद्रों पर बिना सील वाले प्रश्नपत्र और कुछ प्रश्नों में त्रुटियों की शिकायतों पर धूपड़ ने कहा कि अभ्यर्थी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। बोर्ड सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच करेगा और किसी भी अभ्यर्थी के हितों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। Bhiwani News