FD Scam: झांबर ग्राम सेवा सहकारी समिति में एफडी घोटाला

लाखों की जमा राशि हड़पने का आरोप, पूर्व व्यवस्थापक व बैंक कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने झांबर स्थित 7-10-11 एसएसडब्ल्यू ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड में वर्षांे पहले कराई गई एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) की राशि नहीं लौटाने तथा बैंक में कथित हेराफेरी कर जमाकर्ताओं की रकम हड़पने के आरोप में पूर्व व्यवस्थापक सहित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। Hanumangarh News

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार झांबर गांव के वार्ड नंबर दो निवासी गुरतेज सिंह (22) पुत्र हरगोविंद सिंह रामगढ़िया ने टाउन थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसने 19 जनवरी 2017 को 7-10-11 एसएसडब्ल्यू ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड, झांबर में अपने नाम से 55 हजार रुपए की एफडी तथा अपनी बहन मनदीप कौर के नाम से 55 हजार रुपए की दूसरी एफडी करवाई थी। उस समय समिति के तत्कालीन व्यवस्थापक रामगोपाल नैण पुत्र नंदराम निवासी नंदराम की ढाणी ने दोनों एफडी रसीदें जारी की थीं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि एफडी की परिपक्वता तिथि 19 जनवरी 2019 को जब वह अपनी जमा राशि लेने समिति पहुंचा तो उसे जानकारी मिली कि तत्कालीन व्यवस्थापक रामगोपाल नैण की ओर से बैंक में कथित हेराफेरी की गई है तथा बैंक और जमाकर्ताओं की राशि का गबन कर लिया गया है। इसके बाद वह कई बार अपनी राशि प्राप्त करने के लिए बैंक गया, लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पूर्व व्यवस्थापक रामगोपाल नैण तथा बैंक कर्मचारियों ने मिलीभगत कर गांव के कई लोगों की एफडी राशि का भुगतान नहीं किया।

शिकायत में जिन जमाकर्ताओं का उल्लेख किया गया है, उनमें मनदीप कौर, सीता देवी पत्नी दौलतराम, पूजा पुत्री दौलतराम, सोमा देवी पुत्री दौलतराम, नोरा देवी पत्नी वेदप्रकाश, जसविंद्र कौर पत्नी पाला सिंह, अरमान सिंह, इन्द्रा देवी पत्नी धर्मपाल, संतोष पत्नी महावीर शामिल है। टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सहायक उपनिरीक्षक विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts