भूमिया मंदिर के महंत से बैग चोरी, विरोध करने पर बदमाश से मारपीट, एक आरोपी हिरासत में

भूमिया मंदिर के महंत से बैग चोरी, विरोध करने पर बदमाश से मारपीट, एक आरोपी हिरासत में

Published On

मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार)कस्बे के प्रसिद्ध भूमिया मंदिर के महंत योगी श्यामनाथ महाराज से धार्मिक यात्रा के दौरान बैग चोरी और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद महंत ने वीडियो साक्ष्य के साथ थाना मीरापुर में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार योगी श्यामनाथ महाराज नेपाल सीमा पर स्थित देवी पाटन मंदिर की धार्मिक यात्रा से मेरठ के रास्ते बस द्वारा मीरापुर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान बस में सवार कुछ शातिर अटैची चोरों ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक टैब रखा हुआ था। बताया गया कि रामराज के पास एक युवक ने महंत से पूछा कि वह कहां उतरेंगे। जब उन्होंने मीरापुर उतरने की बात कही तो युवक ने भी वहीं उतरने की बात कही, जिससे उन्हें संदेह हो गया। रविवार देर रात मीरापुर बाईपास पर बस से उतरने के बाद संदिग्ध युवक ने उनसे रुपये छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई और मारपीट हो गई।

इसी दौरान किसी राहगीर ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो बनता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि महंत द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक आरोपी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की भी पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts