Marriage Fraud: फर्जी शादी कर हड़पे 5.15 लाख रुपए और जेवर
गैंग बनाकर शादी के नाम पर ठगी करने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Marriage Fraud: हनुमानगढ़। जिले के गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर लाखों रुपए और सोने-चांदी के आभूषण हड़पने का मामला सामने आया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट, नोहर के आदेश पर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फर्जी शादी कराकर उससे 5.15 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण हड़प लिए। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार भागाराम (40) पुत्र हवासिंह निवासी उज्जलबास तहसील नोहर ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, नोहर के समक्ष इस्तगासा पेश किया। परिवाद में अमित पुत्र रमेश टांडी निवासी रामपुरा ढिलो (सिरसा), उसकी पत्नी, मंजू निवासी बकरियांवाली (सिरसा) तथा नीतू रानी निवासी इंद्रा कॉलोनी, अबोहर (फाजिल्का) को आरोपी बनाया गया। परिवादी ने बताया कि वह गांव के जसवंत महाराज के डेरे में धार्मिक आयोजनों के दौरान सेवा करता है।
वहीं उसकी करीब तीन वर्ष पहले आरोपी अमित से पहचान हुई, जो वहां हलवाई का काम करता था। दिसंबर 2025 में अमित उसके घर आया और कहा कि वह उसकी शादी नीतू रानी से करवा देगा। अमित ने दावा किया कि मंजू उसकी धर्म बहन है और उसी के माध्यम से यह रिश्ता तय कराया जाएगा। इसके बाद मंजू से फोन पर बात कराई गई, जिसने शादी करवाने के बदले रुपए तथा लड़की के लिए सोने के आभूषण बनवाने की शर्त रखी। अमित और मंजू कुछ दिनों बाद परिवादी के घर पहुंचे और नीतू रानी की फोटो दिखाकर रिश्ता तय कराया।
उसी दिन दोनों ने दो लाख रुपए की मांग की, जिस पर परिवादी और उसकी वृद्ध माता ने घर में रखे 1.50 लाख रुपए उन्हें दे दिए। इसके बाद जनवरी 2026 में अमित ने परिवादी को अपने गांव रामपुरा ढिलो बुलाया, जहां नीतू रानी और मंजू भी मौजूद थीं। वहां रिश्ता पक्का करने के नाम पर एक लाख रुपए और लिए गए तथा टीका कर शादी का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद अमित दो बार गांव आकर नीतू रानी के खर्चे के नाम पर 10-10 हजार रुपए भी ले गया। 15 मार्च 2026 को शादी की तारीख तय की गई। वह अपने परिजनों के साथ रामपुरा ढिलो पहुंचा तो आरोपियों ने कहा कि यदि तुरंत दो लाख रुपए नहीं दिए गए तो नीतू रानी शादी से इनकार कर देगी।
इस पर उसने गांव के एक व्यक्ति से 2.20 लाख रुपए उधार लेकर उनमें से दो लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बाद अमित के घर पर नीतू रानी के साथ वरमाला डालकर शादी करवाई गई और शाम को नीतू रानी परिवादी के साथ उसके घर उज्जलबास आ गई। परिवादी ने आरोप लगाया कि सुहागरात के समय नीतू रानी ने मुंह दिखाई में 50 हजार रुपए की मांग की। उसके पास केवल 20 हजार रुपए बचे थे, जो उसने दे दिए। इसी दौरान अमित और मंजू ने नीतू रानी के लिए बनवाए गए मंगलसूत्र, नोजपिन, कानों की बालियां और पाजेब भी उसे भेंट करने के लिए कहा, जिसे उसने पत्नी मानकर दे दिया। Hanumangarh News
अगले दिन नीतू रानी वापस रामपुरा ढिलो चली गई। बाद में वह दोबारा परिवादी के घर आई, करीब पांच दिन रही और बीमारी का बहाना बनाकर चली गई। जाने से पहले मकान की मरम्मत के नाम पर 25 हजार रुपए और ले गई। 11 जून 2026 को नीतू रानी फिर उसके घर आई और पत्नी बनकर रहने लगी। 14 जून को जब वह शादी के दस्तावेज बनवाने ई-मित्र गया हुआ था, तब नीतू रानी कथित रूप से अमित और मंजू की मदद से घर से फरार हो गई। घर लौटने पर 10 हजार रुपए नकद और अन्य सोने-चांदी के आभूषण भी गायब मिले।
बाद में जब वह गांव के कुछ लोगों के साथ अमित के घर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे धमकाया। अमित ने कहा कि वह नीतू रानी के साथ इस तरह की कई शादियां करवा चुका है और उनका मकसद केवल रुपए हड़पना था। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद को सौंपी है। Hanumangarh News