भारत माता चौक के पास पाइप लाइन लीकेज से बना गड्ढा बना हादसों का कारण

नारेबाजी कर जलदाय विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

Published On

Pipeline Leak: हनुमानगढ़। टाउन के भारत माता चौक के पास मुख्य सड़क पर पाइप लाइन लीकेज से बना गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लगातार पानी के रिसाव से सड़क धंसने लगी है, जिससे यहां हादसों का खतरा बढ़ गया है। समस्या के स्थाई समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों, सदस्यों और ट्रक ऑपरेटरों ने मौके पर एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।Hanumangarh News 

ट्रक यूनियन के कुंभाराम और बलविन्द्र सिंह ने बताया कि दो दिन पहले जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने पाइप लाइन की मरम्मत के लिए सड़क खोदी थी। मरम्मत के बाद गड्ढे को सही तरीके से नहीं भरा गया, जिससे दोबारा पाइप लाइन लीकेज हो गई और सड़क पर पानी भरने लगा। लगातार रिसाव के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है।

उन्होंने बताया कि यह मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। गड्ढे में वाहन फंसने से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है, वहीं दुपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है। सड़क पर पानी भरा होने से वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता। ट्रक यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यह समस्या नई नहीं है। कुछ दिन के अंतराल बाद पाइप लाइन लीकेज होने पर सड़क खोद दी जाती है, लेकिन विभाग की ओर से स्थाई समाधान नहीं किया जाता।

कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। पाइप लाइन लीकेज के कारण जहां पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं कई घरों में दूषित पानी की आपूर्ति होने की शिकायत भी सामने आ रही है। प्रदर्शनकारियों ने जलदाय विभाग से मांग की कि पाइप लाइन की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कर लीकेज की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए तथा सड़क पर बने गड्ढे को वैज्ञानिक तरीके से भरकर यातायात को सुरक्षित बनाया जाए। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts