HTET 2026: हरियाणा में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर पुलिस चौकस, सुरक्षा कड़ी

अभ्यर्थी को दोहरी जांच से गुजरना होगा, बायोमेट्रिक और CCTV निगरानी

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरियाणा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। चार और पांच जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर दोहरी जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी। साथ ही डायल-112 और पुलिस वाहनों की लगातार गश्त भी जारी रहेगी। Haryana News

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। नकल, अफवाह फैलाने, परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो स्तर पर होगी जांच | Haryana News

सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की दो चरणों में जांच की जाएगी। पहले स्तर पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तलाशी लेंगे, जबकि दूसरे स्तर पर निजी सुरक्षा कर्मी जांच करेंगे। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, टैबलेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पुस्तकें, नोट्स, खुले कागज, पर्स, बेल्ट, पानी की बोतल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस ने नकल माफिया और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिला पुलिस की खुफिया इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया मंचों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रश्नपत्र लीक, अफवाह, फर्जी सूचना या भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात, पार्किंग और कतार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष पुलिस प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करेंगे। Haryana News

About The Author

Related Posts