Rain News: पहली बारिश में भूना की निकासी व्यवस्था बदहाल, धंसी सड़क पर पलटा रेत से भरा ट्राला, 7 वाहन फंसे

शहीद भगत सिंह पार्क के पास अधूरी सड़क मरम्मत बनी हादसे की वजह, घंटों लगा जाम

Published On

भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: मानसून की पहली ही बारिश ने भूना शहर की बरसाती पानी निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी। वीरवार तड़के हुई बारिश के बाद बरसाती पानी निकासी पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क की मिट्टी धंस गई, जिससे सड़क दलदल में तब्दील हो गई। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान यमुना रेता से भरा एक ट्राला पलट गया, जबकि ट्रालों, कैंटरों और कारों सहित कुल सात वाहन कीचड़ में फंस गए। हादसे में ट्राला चालक रामनिवास को मामूली चोटें आईं। घटना के चलते सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे-2 पर शहीद भगत सिंह पार्क के पास कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने पर क्रेन की मदद से पलटे ट्राले को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। जानकारी के अनुसार शहर में बरसाती पानी निकासी पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सड़क की खुदाई की गई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। गुरुवार सुबह करीब चार बजे हुई पहली बारिश में यह मिट्टी बह गई और सड़क कई स्थानों पर धंस गई। सबसे गंभीर स्थिति शहीद भगत सिंह पार्क के पास सामने आई, जहां सिरसा-चंडीगढ़ और रतिया-जाखल मार्ग की क्रॉसिंग पर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाई गई थी। खुदाई के बाद सड़क को पर्याप्त मजबूती नहीं दिए जाने के कारण एक ट्राला पलट गया और कई अन्य वाहन घंटों तक फंसे रहे।

लोगों को भुगतना पड़ रहा ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा

नगरपालिका भूना के वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी ने बताया कि उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने संबंधित विभागों और ठेकेदारों को 15 जून तक बरसाती पानी निकासी के सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे, लेकिन धरातल पर तैयारियां पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इस मानसून में भी भूना शहर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ सकता है।

दोपहर बाद संबंधित एजेंसी ने धंसी हुई सड़क को दोबारा मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया, लेकिन पहली ही बारिश में सामने आई इस अव्यवस्था ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Jakhal News

जाखल में बारिश से जनजीवन प्रभावित, मंडी और कॉलोनियों में जलभराव

जाखल। Jakhal News: जाखल में हुई भारी बारिश के बाद अनाज मंडी, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार और कई रिहायशी कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। जल निकासी व्यवस्था ठप होने से मंडी में किसानों की मक्की, मूंग और धान की फसल तथा आढ़तियों का अनाज पानी में भीग गया, जिससे भारी नुकसान की आशंका है और कारोबार प्रभावित हुआ है। रुलदू कॉलोनी, पुरानी मंडी सहित कई इलाकों में घरों में सीवरेज का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने विशेष गिरदावरी कराकर मुआवजा देने की मांग की है। वहीं मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

 

 

About The Author

Related Posts