शिवनगर में महिला की चाकू से हत्या, आरोपी खुद पहुंचा पुलिस चौकी
रिश्ते में शक बना जानलेवा, शिवनगर में महिला की हत्या का मामला
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: शहर के शिवनगर में गुरुवार को लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की उसके पार्टनर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी साथी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां कमरे में महिला का शव मिला। मृतका की पहचान पूजा (32) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से गौरव (28) के साथ लिव-इन में रह रही थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि पूजा किसी अन्य युवक के संपर्क में थी।
इसी बात को लेकर हुए झगड़े के दौरान उसने चाकू से गले, पेट और पीठ पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं। दूसरी शादी टूटने के बाद वह गौरव के साथ रहने लगी थी। गौरव ई-रिक्शा चलाता है और दोनों करीब दो महीने पहले ही शिवनगर में किराये के मकान में रहने आए थे। मृतका की मां ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कई अवैध गतिविधियों में शामिल था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।