Haryana: सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में बरोली माजरा की सरपंच पर कार्रवाई की सिफारिश

सरपंच पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप

Published On

प्रताप नगर ((सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Haryana: ग्राम पंचायत बरोली माजरा की सरपंच श्रीमती सुलताना पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) छछरौली ने जांच के बाद उपायुक्त यमुनानगर को रिपोर्ट भेजकर हरियाणा पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 51 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने की सिफारिश की है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जगदीश पुत्र शंकर लाल ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि सरपंच ने अपनी निजी भूमि पर सरकारी धन से गली का निर्माण कराया और पंचायत धन का दुरुपयोग किया।

शिकायत मिलने के बाद बीडीपीओ कार्यालय ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सरपंच से स्पष्टीकरण भी मांगा गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद तहसील छछरौली से संबंधित भूमि का राजस्व रिकॉर्ड मंगवाया गया। राजस्व विभाग की रिपोर्ट में संबंधित भूमि को निजी स्वामित्व वाली भूमि बताया गया।

बीडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि यदि सरकारी धन का उपयोग निजी भूमि पर किया गया है, तो यह पंचायत हितों के विपरीत है और इससे पंचायत को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। इसी आधार पर उपायुक्त यमुनानगर को पत्र भेजकर सरपंच के विरुद्ध हरियाणा पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 51 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में बीडीपीओ छछरौली कार्तिक चौहान ने बताया कि उन्हें सीएम विंडो के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच के दौरान उपलब्ध रिकॉर्ड और तथ्यों के आधार पर सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला उपायुक्त को भेज दी गई है तथा सरपंच के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

Haryana

About The Author

Related Posts