Roof Collapsed: कैराना में भरभराकर गिरी मकान की छत, विवाहिता की मौत
हादसे में दो मासूम बच्चों समेत चार अन्य भी चोटिल, क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते हुआ दर्दनाक हादसा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: मोहल्ला दरबारखुर्द में एक मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। छत के मलबे के नीचे दबने से मायके में आई एक विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बच्चे व भाई-भाभी भी चोटिल हुए है। हादसे से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द पानीपत रोड मजीद कॉलोनी निकट चम्मच फैक्ट्री निवासी वसीम की 25 वर्षीय विवाहित पुत्री शाहजहां मायके में आई हुई थी। गुरुवार दोपहर को शाहजहां मकान के अंदर खाना बना रही थी, जबकि उसके मासूम बच्चे सलमान व कैफ तथा भाई इंतज़ार व भाभी नैय्यर भी घर के अंदर बैठे थे। इसी दौरान मकान की छत भरभराकर नीचे आ गिरी, जिससे मकान के अंदर बैठे सभी लोग छत के मलबे में दब गए। शोर-शराबा व छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के पश्चात मलबे में दबे लोगो को बाहर निकाला। मलबे से निकाले गए सभी लोगो को चिकित्सक के पास ले जाया गया।
जहां पर हादसे में गम्भीर रूप से घायल विवाहिता शाहजहां को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छत के मलबे में दबने से मृतका के दोनों मासूम बच्चे व भाई-भाभी भी चोटिल हुए है। हालांकि उन्हें गम्भीर चोट नही आई है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है। घटना की सूचना पर तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव व नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार मौके पर पहुंचे तथा हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया।
तहसीलदार ने भी मृतका के परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए काफी समझाया, परन्तु वह अपने फैसले पर अडिग रहे। बताया गया है कि हादसे का शिकार हुई शाहजहां की शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व हरियाणा के जिला करनाल में कचामदा गांव में हुई थी। वह करीब दस दिन पूर्व अपनी मायके आई थी। मृतका का पिता वसीम कबाड़ी का काम करता है। मकान की छत गिरने की वजह क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश बताई जा रही है। कच्ची छत ने बारिश का पानी सोख लिया और धराशायी हो गई। वहीं, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने बताया कि मोहल्ला दरबारखुर्द में मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई है। तहसीलदार व अन्य राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा गया है।
