कैराना का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब उर्फ बेचैन एनकाउंटर में ढेर
हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही व थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से लूट समेत 34 मुकदमों में था वांछित, डीआईजी सहारनपुर ने घोषित कर रखा था पचास हजार रुपये का ईनाम
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: खेत पर पानी चलाने जा रहे किसान भाइयों से लूटपाट करके भाग रहा मुकीम काला गैंग का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब उर्फ बेचैन पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। मुठभेड़ में मारे गए बदमाश पर लूट, हत्या, रंगदारी समेत 47 मुकदमें दर्ज है, जिनमें से 34 मुकदमों में वह वांछित चल रहा था। महताब पर डीआईजी सहारनपुर ने पचास हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था। मृतक बदमाश के कब्जे से 09 एमएम की पिस्टल, कार्बाइन, जिंदा कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। एनकाउंटर में एक दारोगा भी घायल हुआ है।
शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हाथी करौदा निवासी किसान नरेन्द्र अपने भाई नरेश के साथ में बाइक से आदर्शमण्डी थानाक्षेत्र के ग्राम जलालपुर में स्थित अपने खेतों में पानी लगाने जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर हाइवे पर स्थित जलालपुर कट पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे बाइक की चाबी, मोबाइल फोन व नकदी छीन ली और विरोध करने पर फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला करके फरार हो गए। पीड़ित किसान भाइयों ने थाना आदर्शमण्डी पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। वायरलेस सेट पर घटना की सूचना फ्लैश कर दी गई। थाना आदर्शमण्डी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ में बदमाशों का पीछा करना शुरू किया।
वहीं, सूचना प्रसारित होने से आसपास के थानों की पुलिस भी सतर्क हो गई। पुलिस को बदमाशों के कांधला थानाक्षेत्र की ओर से फरार होने की सूचना मिली, जिस पर कांधला थाना प्रभारी सतीश कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ बदमाशों की घेराबंदी में जुट गए। प्रातः करीब पांच बजे कांधला थानाक्षेत्र में खन्द्रावली पुलिया के पास स्थित ट्यूबवेल पर दोनों बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया और सरेंडर करने को कहा। परन्तु, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
थाना आदर्शमंडी व कांधला पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से की गई जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश गोली लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान पचास हजार रुपये के ईनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब उर्फ बेचैन निवासी मोहल्ला आलकलां कस्बा कैराना के रूप में हुई। बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में आदर्शमण्डी थाने में तैनात उपनिरीक्षक दीपचंद भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए।
घायल बदमाश व उपनिरीक्षक को उपचार हेतु जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने महताब को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल उपनिरीक्षक उपचाराधीन है। मृतक बदमाश महताब के कब्जे से किसानों से लूटा गया मोबाइल, नकदी, बाइक की चाबी, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक, 09 एमएम की पिस्टल व उसके 06 जिन्दा कारतूस, एक कार्बाइन व उसके 07 जिंदा कारतूस तथा 08 खोखा कारतूस बरामद हुए है।
हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही व शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से की थी लूट
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक बदमाश महताब के खिलाफ जनपद शामली, सहारनपुर व हरियाणा के पानीपत जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या व रंगदारी समेत कुल 47 अभियोग पंजीकृत है, जिनमें से करीब 34 मुकदमों में पुलिस को उसकी तलाश थी। महताब कोतवाली कैराना का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था, जिसका एचएस नंबर- 349ए है। महताब ने विगत एक मार्च 2026 को कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव लिसाढ के जंगल में थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक अरविन्द कुमार से एक मोबाइल व पांच हजार रूपये तथा हरियाणा पुलिस की महिला सिपाही ज्योति मलिक से कान के कुण्डल, नाक की बाली व एक अंगूठी लूट ली थी, जिसमें वह वांछित चल रहा था। महताब पर डीआईजी सहारनपुर के द्वारा 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
26 साल पहले कर दी थी 12 वर्षीय मासूम की हत्या
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात बदमाश महताब शुरू से ही शातिर किस्म का अपराधी रहा है, जिसका काफी लंबा आपराधिक इतिहास है। महताब ने वर्ष-2000 में कैराना कस्बे के मोहल्ला शेखबद्दा निवासी रहीसूद्दीन के 12 वर्षीय बेटे आरिफ की हत्या कर दी थी। इसके अलावा, उसने वर्ष-2009 में हरियाणा के जनपद पानीपत के सनौली खुर्द थानाक्षेत्र के गांव राणा माजरा निवासी अफसर की ग्राम नवादा के निकट रोड होल्डअप के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह कर्नाटक फरार हो गया था।
जहां से हरियाणा पुलिस उसे गिरफ्तार करके हवाई जहाज से वापिस लेकर आई थी। इससे पूर्व, वर्ष-2007 में जनपद सहारनपुर के नानौता थानाक्षेत्र में चोरी की घटना के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस बदमाश महताब के द्वारा की गई घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी करने में जुटी हुई है।
प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद छोड़ दिया था कैराना
वर्ष-2017 में उत्तर-प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद महताब कैराना छोड़कर फरार हो गया था। वह बाद में सहारनपुर में रहने लगा था। करीब 02 वर्ष पूर्व जेल से रिहा होने के बाद उसने सहारनपुर निवासी एक युवती से विवाह भी किया था। कैराना के मोहल्ला आलकलां में स्थित उसका पैतृक मकान वर्तमान में जर्जर एवं खंडहर अवस्था में है। वर्ष-2013 से 2017 के बीच महताब ने कैराना व शामली के अनेक व्यापारियों से रंगदारी वसूली थी। उसके आतंक के चलते व्यापारियों एवं आम नागरिकों में भय व्याप्त था। पूरे शामली जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में महताब की आपराधिक गतिविधियों का व्यापक प्रभाव रहा है।
इन्होंने कहा;-
एसपी शामली एनपी सिंह ने बताया कि किसानों से लूट की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की थी। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें महताब घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हिस्ट्रीशीटर महताब मूल रूप से कैराना कस्बे का रहने वाला था। 2017 से वह सहारनपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ शामली और सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत 47 से अधिक मुकदमे दर्ज है। वह पश्चिमी यूपी के कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके फरार साथी की तलाश जारी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
13.jpg)
About The Author