शिक्षा और रोजगार
लुधियाना में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से करीब 18 लाख की लूट, दो आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपये बरामद
लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Bank of Baroda ATM Robbery Case: लुधियाना पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से करीब 17 लाख 98 हजार रुपये की लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने 12-13 जून की मध्य रात्रि प्रताप चौक के पास स्थित एटीएम को निशाना बनाया था। पुलिस जांच के अनुसार दोनों आरोपियों ने पहले दिन के समय एटीएम की रेकी की और रात में वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने बिना किसी गैस कटर या अन्य विशेष उपकरण की मदद से एटीएम का लॉक खोलकर नकदी चोरी कर ली।
वारदात के बाद दोनों ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के लखनऊ फरार हो गए। थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस अब अदालत से रिमांड लेकर आगे पूछताछ करेगी। डीसीपी जसकरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 24 और 19 साल है। पहले आरोपी की पहचान सुदांशु महाजन के रूप में हुई है, जो कपूरथला जिले का रहने वाला है और लुधियाना के ढोलेवाल इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। दूसरा आरोपी वसीम खान उर्फ मोद है, जो उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले का निवासी है और लुधियाना में किराये पर रहता था। पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी अपनी बहन की शादी और दूसरा घर खरीदने के लिए पैसों की जरूरत के कारण इस अपराध में शामिल हुआ।
लूटी गई रकम दोनों ने आपस में बांट ली थी। जाँच में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी सुदांशु महाजन को पिछले कुछ समय से काम नहीं मिल रहा था, जिसके कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। इस घटना ने बैंक प्रबंधन की लापरवाही को भी उजागर किया है। जिस एटीएम में वारदात हुई, वहाँ कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था और घटना के समय अलार्म या अन्य सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावी साबित नहीं हुई।